Signal आपको Signal पर चैट करने वाले लोगों से अपना फ़ोन नंबर गोपनीय रखने की सुविधा देता है। यहाँ हम फ़ोन नंबर की गोपनीयता से जुड़ी सेटिंग के बारे में जानेंगे और यह भी समझेंगे कि अपना फ़ोन नंबर शेयर किए बिना किसी से जुड़ने के लिए यूज़रनेम का इस्तेमाल कैसे करें। साथ ही, हम यह भी देखेंगे कि Signal पर जिन लोगों से आपकी चैटिंग होती है, उनकी पहचान को कैसे वेरिफ़ाई करें।
फ़ोन नंबर की गोपनीयता से जुड़ी सेटिंग
अगर आपके पास Signal का 7.0 या उसके बाद का वर्ज़न है, तो सेटिंग > प्राइवेसी > फ़ोन नंबर पर जाएं।
डिफ़ॉल्ट रूप से, आपके फ़ोन नंबर की गोपनीयता की सेटिंग इस तरह दिखेगीः
अगर किसी के पास पहले से आपका फ़ोन नंबर मौजूद है, तो वह आपको फ़ोन नंबर के ज़रिए Signal पर खोज सकता है। हालांकि, वह आपके फ़ोन नंबर को आपकी प्रोफ़ाइल की जानकारी वाले पेज के हिस्से के तौर पर तब तक नहीं देख पाएगा, जब तक कि उसके फ़ोन के कॉन्टैक्ट में आपका नंबर पहले से सेव न हो।
मेरा नंबर कौन देख सकता है
इस सेटिंग से यह तय होता है कि आपका फ़ोन नंबर, Signal में आपकी प्रोफ़ाइल की जानकारी वाले पेज के हिस्से के रूप में दिखाई दे या नहीं।
अगर आपने "मेरा फ़ोन नंबर कौन देख सकता है" को "सभी" पर टॉगल कर दिया है, तो आपका फ़ोन नंबर आपकी प्रोफ़ाइल की जानकारी वाले पेज के हिस्से के रूप में उन लोगों को भी दिखाई देगा जो आपसे Signal पर चैट करते हैं।
हमारे ब्लॉग पर जाकर, वीडियो के ज़रिए इन सेटिंग को समझें।
अगर आपने "कोई नहीं" चुना है, तो जो लोग आपसे Signal पर चैटिंग करते हैं वे भी आपके फ़ोन नंबर को आपकी प्रोफ़ाइल की जानकारी पेज के हिस्से के तौर पर नहीं देख पाएंगे। बशर्ते, उन्होंने पहले से ही आपका फ़ोन नंबर अपने फ़ोन कॉन्टैक्ट में सेव न किया हो। यह डिफ़ॉल्ट सेटिंग है।
अगर आपको अपना फ़ोन नंबर किसी को नहीं दिखाना है, तो आप "मुझे फ़ोन नंबर से कौन ढूंढ सकता है" को "कोई नहीं" पर टॉगल कर दें। इसके बाद, यह उन लोगों को भी नहीं दिखेगा जिनके फ़ोन कॉन्टैक्ट में आपका कॉन्टैक्ट सेव है। यानी, इससे आपका फ़ोन नंबर किसी को भी नहीं दिखेगा। हालांकि, इससे Signal इस्तेमाल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है, क्योंकि लोग बड़ी मुश्किल से आपको Signal पर ढूंढ पाएंगे। ज़ाहिर है, चैटिंग में दिक्कत आएगी।
मेरे नंबर से मुझे कौन ढूंढ सकता है
इस सेटिंग से यह तय होता है कि अगर किसी व्यक्ति को आपका फ़ोन नंबर पता है, तो क्या वह इसके ज़रिए Signal पर आपको ढूंढ सकता है, क्या वह यह देख सकता है कि आप Signal पर मौजूद हैं, और क्या वह आपको मैसेज भेज सकता है।
डिफ़ॉल्ट रूप से, "मुझे नंबर के ज़रिए कौन ढूंढ सकता है" की सेटिंग "सभी" पर टॉगल किया रहता है। इसका मतलब है कि जिन लोगों के पास आपका फ़ोन नंबर मौजूद है वे आपको इसके ज़रिए ढूंढ सकते हैं। Signal इसी तरह कई साल से काम करता आया है। Signal ने लाखों-करोड़ों लोगों को यह सुविधा दी है कि वे तुरंत देख सकें कि वे किनसे चैट कर रहे हैं और इसी के लिए Signal ने एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड मैसेजिंग की आसान सुविधा बनाई है।
अगर "मुझे नंबर के ज़रिए कौन ढूंढ सकता है" को 'सभी' पर टॉगल किया जाता है, तो जिस भी व्यक्ति के पास आपका नंबर है वह इसे नई चैट स्क्रीन में टाइप करके आपको मैसेज का अनुरोध भेज सकता है। फिर यह आपके ऊपर है कि आप उसे स्वीकार करें, डिलीट करें या ब्लॉक।
हमारे ब्लॉग पर जाकर, वीडियो के ज़रिए इन सेटिंग को समझें।
अगर आपने इस डिफ़ॉल्ट सेटिंग को बदलकर 'कोई नहीं' किया, तो नई मैसेज स्क्रीन पर आपका नंबर डालते ही लोगों को एक पॉप-अप दिखाई देगा। इसमें बताया जाएगा कि आपका फ़ोन नंबर Signal अकाउंट से जुड़ा नहीं है। भले ही उनके फ़ोन कॉन्टैक्ट में आपका नंबर सेव हो, लेकिन उन्हें यही लिखा हुआ दिखेगा।
अगर आपने "मुझे फ़ोन नंबर के ज़रिए कौन ढूंढ सकता है" को 'कोई नहीं' पर सेट किया, तो Signal पर आपसे जुड़ने के लिए लोगों को आपका पूरा यूनीक यूज़रनेम की ज़रूरत पड़ेगी। इससे आपके दोस्तों-परिजनों के लिए आपको Signal पर मैसेज भेजना मुश्किल हो जाएगा।
फ़ोन नंबर की गोपनीयता से जुड़ी ये सेटिंग या तो पूरी तरह लागू होती है या बिल्कुल नहीं। इसमें बीच का कोई रास्ता नहीं है। ऐसा नहीं है कि आप कुछ लोगों या ग्रुप के लिए फ़ोन नंबर डिसप्ले करें और बाकी लोगों के लिए नहीं।
इस सेटिंग को कभी भी बदला जा सकता है।
यूज़रनेम
यूज़रनेम आपको फ़ोन नंबर शेयर किए बिना Signal पर कॉन्टैक्ट बनाने की सुविधा देता है।
Signal में यूज़रनेम बाकी सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म की तरह काम नहीं करता।
इसमें यूज़रनेम का मतलब प्रोफ़ाइल नेम नहीं होता, जो चैट में दिखता है। यह कोई स्थायी हैंडल नहीं है और यह उन लोगों को नहीं दिखता जिनके साथ Signal में आपकी चैटिंग होती है।
भले ही आपको किसी भी व्यक्ति के साथ यूज़रनेम के ज़रिए ही चैटिंग शुरू क्यों न करनी हो, लेकिन Signal पर साइन अप करने के लिए आपको फिर भी एक फ़ोन नंबर की ज़रूरत पड़ेगी।
यूज़रनेम बनाना
यूज़रनेम बनाने के लिए, सेटिंग प्रोफ़ाइल पर जाएं और अपनी पसंद का यूज़रनेम टाइप करें।
यूज़रनेम एक वैकल्पिक सुविधा है। इसे बनाना अनिवार्य नहीं है। अगर आपके फ़ोन में डिफ़ॉल्ट सेटिंग की तरह "मुझे फ़ोन नंबर के ज़रिए कौन ढूंढ सकता है", 'सभी' पर सेट है, तो किसी से भी कनेक्ट करने के लिए आपको या तो अपना फ़ोन नंबर या फिर अपना यूज़रनेम शेयर करना होगा।
प्रोफ़ाइल नेम के उलट, आपका यूज़रनेम बिल्कुल यूनीक होता है। हर यूज़रनेम के अंत में कम से कम 2 डिजिट होते हैं। आपके पास अपनी पसंद का नंबर चुनने का विकल्प होता है।
यूज़रनेम बन जाने के बाद, इसे तीन तरीकों से शेयर किया जा सकता है। चाहें तो आप अपना यूज़रनेम बताएं, अपना QR कोड शेयर करें या फिर अपना यूनीक URL शेयर करें। URL में आपके यूज़रनेम का टेक्स्ट शामिल नहीं होता है।
अगर किसी के पास Signal अकाउंट से जुड़ा फ़ोन नंबर हो, तब भी Signal उसका यूज़रनेम आसानी से न तो देख सकता है और न ही निकाल सकता है।
अगर Signal को किसी यूज़रनेम का प्लेन टेक्स्ट दिया जाए, तो वह उस यूज़रनेम को उस Signal अकाउंट से जोड़ सकता है, जिससे वह अभी कनेक्ट है। हालांकि, यूज़रनेम बदलने या डिलीट करने के तुरंत बाद, यह Signal अकाउंट से कनेक्ट नहीं रह जाता।
यूज़रनेम बदलना
यूज़रनेम को आपकी सुविधा के हिसाब से डिज़ाइन किया गया है। यह आपके ऊपर है कि आपको किसी एक नाम को कितने समय तक रखना है। जब मर्ज़ी हो, इसे बदला जा सकता है।
हालांकि, एक समय में आपके पास सिर्फ़ एक यूज़रनेम ही हो सकता है।
यूज़रनेम बदलने के एक हफ़्ते तक कोई भी दूसरा व्यक्ति आपके पुराने यूज़रनेम पर दावा नहीं कर सकता। इसके बाद, कोई भी इसके लिए दावा कर सकता है।
आपके पास अपना यूज़रनेम बदले बिना भी अपना QR कोड और URL बदलने की सुविधा मौजूद रहती है।
यह प्रोफ़ाइल नेम को बदलने से काफ़ी अलग है। यूज़रनेम बनाने, बदलने या डिलीट करने पर आपके कॉन्टैक्ट या ग्रुप को कोई सूचना नहीं मिलती। यूज़रनेम बदलने या उसे डिलीट करने से उन लोगों के साथ आपके किसी भी चैट पर कोई असर नहीं पड़ता जो पिछले यूज़रनेम के ज़रिए आपसे जुड़े थे।
फ़ोन नंबर बदलने पर आपको यूज़रनेम बदलने के लिए नहीं कहा जाएगा।
यूज़रनेम के ज़रिए कनेक्ट होना
यूज़रनेम के ज़रिए चैट शुरू करने के लिए, नई चैट स्क्रीन में संख्याओं समेत सही यूज़रनेम टाइप करें।
| आपका फ़ोन | उनका फोन | |
| 1. आपने कोई यूज़रनेम खोजा | ||
| 2. आपने उस यूज़रनेम पर एक मैसेज भेजा। उन्हें मैसेज का अनुरोध मिलेगा। |
||
| 3. उन्होंने आपके मैसेज का अनुरोध स्वीकार किया। अब आपको यूज़रनेम की जगह उनका प्रोफ़ाइल नेम और इमेज दिखेंगी। |
||
| 4. जब वे टाइप करेंगे, तो आपको टाइप किए जाने की सूचना दिखेगी, बशर्ते कि आप दोनों ने इस सेटिंग को चालू कर रखा हो। | ||
| 5. अब आपको प्रोफ़ाइल नेम के साथ एक स्टैंडर्ड Signal चैट दिखाई देगी। |
अब आपके पास उस व्यक्ति को उसके यूज़रनेम के ज़रिए मैसेज का अनुरोध भेजने का विकल्प मिलेगा। अब यह उसके ऊपर है कि वह आपके अनुरोध को स्वीकार करे, डिलीट करे या ब्लॉक करे। अगर उस व्यक्ति ने आपका अनुरोध स्वीकार कर लिया, तो आपको उसके यूज़रनेम के बदले प्रोफ़ाइल नेम दिखने लगेगा। उस व्यक्ति को भी आपका प्रोफ़ाइल नेम ही दिखेगा, यूज़रनेम नहीं।
यूज़रनेम के ज़रिए कनेक्ट होने के बाद, आपको कभी भी उस व्यक्ति की प्रोफ़ाइल पर उसका यूज़रनेम नहीं दिखेगा।
निकनेम और नोट
Signal पर जिन लोगों से आपकी चैटिंग होती है, उनके लिए अपना पसंदीदा निकनेम सेव करें और उनकी प्रोफ़ाइल में नोट जोड़ें, ताकि उन लोगों के बारे में ज़रूरी बातें आसानी से याद रहें।
निकनेम और नोट एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड होते हैं और सिर्फ़ आपको दिखाई देते हैं।
निकनेम सेट करने के बाद भी आपको सामने वाले व्यक्ति का चुना हुआ नाम कोष्ठक में दिखेगा।
ब्लॉक करना
फ़ोन नंबर की गोपनीयता के साथ ब्लॉकिंग ऐसे काम करती है:
अगर कोई व्यक्ति आपको फ़ोन नंबर या यूज़रनेम के ज़रिए मैसेज का अनुरोध भेजता है, तो आपके पास उसके अनुरोध को ब्लॉक करने का विकल्प रहता है। ब्लॉक करने के बाद, अगर आपने यूज़रनेम बदल भी लिया, तो वह व्यक्ति आपसे संपर्क नहीं कर पाएगा।
आपके पास किसी भी व्यक्ति को ब्लॉक करने की सुविधा रहती है, चाहे वह आपसे 1-1 चैट कर रहा हो या किसी ग्रुप चैट में हो। इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि आपके या उसके फ़ोन नंबर की गोपनीयता की सेटिंग क्या है।
Signal में ब्लॉक करने का मतलब है कि जिस व्यक्ति को आपने ब्लॉक किया है, वह आपके प्रोफ़ाइल अपडेट नहीं देख पाएगा। इसमें आपके फ़ोन नंबर दिखने से जुड़ी सेटिंग में हुआ बदलाव भी शामिल है।
जिस व्यक्ति को आपने ब्लॉक किया है, उसे Signal पर आपकी प्रोफ़ाइल में हुए नए बदलाव दिखाई नहीं देंगे। हालांकि, अगर ब्लॉक करने से पहले वह आपका फ़ोन नंबर देख सकता था, तो ब्लॉक करने के बाद भी उसे आपका नंबर दिखाई देता रहेगा। ऐसा तब भी होगा, अगर उन्हें ब्लॉक करने के बाद आप “मेरा फ़ोन नंबर कौन देख सकता है” सेटिंग को 'कोई नहीं' कर दें। (इसे ठीक करने के लिए, उन्हें ब्लॉक करने से पहले अपने फ़ोन नंबर की गोपनीयता से जुड़ी सेटिंग बदल दें। ब्लॉक करने के बाद, आपके चाहें तो इन्हें दोबारा पहले जैसे किया जा सकता है।)
वेरिफ़िकेशन के टूल
Signal पर जिन लोगों के साथ आपकी चैटिंग होती है उनकी पहचान की पुष्टि करने के ये कुछ तरीके हैं। यह खास तौर पर तब ज़रूरी हो जाता है, जब आपके पास किसी की पहचान की पुष्टि करने के लिए उसका फ़ोन नंबर उपलब्ध न हो। हमारी सलाह है कि लोग इन टूल का इस्तेमाल करें, ताकि यह पक्का किया जा सके कि जिनसे बात हो रही है उनकी पहचान सही है।
आपकी हर व्यक्ति के साथ होने वाली हर चैट का एक अलग और यूनीक सेफ़्टी नंबर होता है, जो आपको और सामने वाले व्यक्ति, दोनों को दिखाई देता है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपकी बात सही व्यक्ति से हो रही है, सेफ़्टी नंबर का मिलान किया जाता है।
इन नंबर का मिलान करने के लिए आपको Signal के बाहर किसी दूसरे चैनल का इस्तेमाल करना होगा। इसी से यह पुष्टि करने में मदद मिलती है कि आपकी बात सही व्यक्ति से हो रही है। उदाहरण के लिए, अगर कोई व्यक्ति Signal पर आपको मैसेज करके खुद को आपका पुराना दोस्त बताता है, तो उस दोस्त के ईमेल पते के जरिए Signal सेफ़्टी नंबर मिलाने या किसी सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म पर उसे डायरेक्ट मैसेज भेजने से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि आपकी बात किसी फ़र्ज़ी व्यक्ति से नहीं हो रही है। ऐसा इसलिए, क्योंकि दूसरे चैनल से पुष्टि करने के लिए उस व्यक्ति के पास Signal के अलावा आपके दोस्त के दूसरे अकाउंट का भी ऐक्सेस होना ज़रूरी है। सेफ़्टी नंबर की तुलना आमने-सामने, ईमेल या डायरेक्ट मैसेज (DM), फ़ोन कॉल, वीडियो कॉल वगैरह के ज़रिए भी किया जा सकता है।
किसी चैट का सेफ़्टी नंबर देखने के लिए, चैट के ऊपर दिए गए व्यक्ति की प्रोफ़ाइल पर टैप करें और नीचे स्क्रॉल करके 'सेफ्टी नंबर देखें' विकल्प चुनें। आपको कुछ नंबर की सीरीज़ दिखेगी, जिनके ज़रिए तुलना की जा सकती है या फिर एक स्कैन करने योग्य QR कोड मिलेगा।
किसी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि करने के लिए ऐप में कुछ खास संकेत भी दिए गए हैं।
किसी की प्रोफ़ाइल देखते समय, आपको तुरंत पता चल जाएगा कि आप दोनों एक साथ किस ग्रुप में मौजूद हैं। यह खास तौर पर तब काम आता है, जब आपको मैसेज का कोई अनुरोध मिलता है। अगर आपके और उस व्यक्ति के बीच कोई कॉमन ग्रुप मौजूद नहीं है, तो आपको सुरक्षा सुझावों का एक लिंक दिखाई देगा, जो आपको धोखाधड़ी और स्कैम से बचने में मदद करेगा।
किसी व्यक्ति के प्रोफ़ाइल नेम के बगल में मौजूद ऐरो पर क्लिक करने पर आपको उस व्यक्ति के बारे में और जानकारी दिखेगी। यहां आपको पता चलेगा कि आपके कॉमन ग्रुप कौन-से हैं, क्या आपने उस व्यक्ति को कभी डायरेक्ट मैसेज किया है, क्या वह Signal पर आपके साथ कनेक्ट है या फिर क्या उसका नंबर आपके फ़ोन कॉन्टैक्ट में सेव है। [Signal कनेक्शन वह व्यक्ति है जिसके साथ आपने चैट शुरू की है, मैसेज का अनुरोध स्वीकार किया है या जिसका नंबर आपके फ़ोन कॉन्टैक्ट में सेव है।]
अगर किसी ग्रुप चैट में कई सदस्यों का नाम एक जैसा है, तो आपको एक पॉप-अप नोटिफ़िकेशन दिखाई देगा। साथ ही, उन एक जैसे नामों की जांच करने का सुझाव भी मिलेगा।
रिव्यू स्क्रीन पर आपको यह दिखेगा कि आपके कौन-कौन से अतिरिक्त कॉमन ग्रुप हैं और क्या किसी सदस्य ने हाल में अपना प्रोफ़ाइल नेम बदला है।
उस स्क्रीन पर जाकर, ग्रुप ऐडमिन कंट्रोल के मुताबिक, आपके पास किसी सदस्य को ब्लॉक करने या ग्रुप से निकालने का विकल्प मिलता है।
और जानें:
ज़्यादा जानकारी के लिए हमारी ब्लॉग पोस्ट और अन्य अक्सर पूछे जाने वाले सवाल देखें।